मनुष्य में कोई जाति नहीं, सनातन संस्कृति को मजबूत करना देश की सबसे बड़ी जरूरत -राजेश अग्रहरि

भाजपा ने अमेठी, गौरीगंज और जगदीशपुर में किया सक्रिय सम्मेलन

सशक्त और समृद्ध भारत का निर्माण भाजपा का विजन -सुधांशु शुक्ल

संजीव भारती/ पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। भारतीय जनता पार्टी की ओर से बुधवार को अमेठी, गौरीगंज और जगदीशपुर में सक्रिय सदस्य सम्मेलनों का आयोजन किया गया। सक्रिय सदस्य सम्मेलनों में भारतीय जनता पार्टी की विकास यात्रा के साथ मोदी और योगी सरकार की उपलब्धियों का गुणगान हुआ। पार्टी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन-विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आने वाली चुनौतियों और देश की प्रमुख राजनीतिक समस्याओं के बारे में पार्टी कार्यकर्ताओं को सावधान करते हुए जातिभेद से परे सनातन संस्कृति और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।


अमेठी विधानसभा का सक्रिय सम्मेलन जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि के अतिथि गृह में हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने कहा कि कम्युनिस्टों और मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले नेताओं ने देश की राष्ट्रीय एकता को गहरी चोट पहुंचाई है। ब्राह्मण, ठाकुर, फारवर्ड, बैकवर्ड की राजनीति करने वाले लोग जनता के हितों के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। मनुष्य में कोई जाति नहीं होती। मनुष्यता सबसे बड़ा धर्म है।
पासी समाज का उल्लेख करते हुए राजेश अग्रहरि ने कहा कि दलित जातियों का इतिहास गौरवशाली रहा है।ये कभी इस देश में राजा थे,इनका भी राजपाट था। अंग्रेजों और मुगलों से लड़ाई लड़ते लड़ते ये दलित हुए।


जब देश आजाद हुआ था,उस समय पाकिस्तान और बांग्लादेश नहीं थे। मुस्लिम तुष्टिकरण और नफ़रत की राजनीति ने देश को लम्बे समय तक पीछे रखा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के ‌नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक विरासत वापस लौटी है।देश तोड़ने वाली ताकतें लगातार सक्रिय हैं।ऐसी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए भारत को विकसित राष्ट्र की श्रेणी में खड़ा करने के लिए सनातन संस्कृति को मजबूत करना आज देश की सबसे बड़ी जरूरत है। सम्मेलन में विधानसभा के पुराने और नये भाजपाई एक साथ शामिल हुए। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल,वेद प्रकाश तिवारी,‌ब्लाक प्रमुख प्रवीण कुमार सिंह,ओम प्रकाश मिश्र, सदाशिव पांडेय , पूर्व प्रमुख घनश्याम चौरसिया, त्रियुगीनारायण शुक्ल, मंडल अध्यक्ष राम शंकर जायसवाल आदि मौजूद रहे।

सशक्त और समृद्ध भारत का निर्माण भाजपा का विजन-सुधांशु शुक्ल

भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल ने तीनों विधानसभाओं में सक्रिय सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद भारतीय जनता पार्टी की पहचान है। सशक्त और समृद्ध भारत का निर्माण भाजपा का विजन है।इस विजन को पूरा करने के लिए ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है। सभी पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने-अपने दायित्व ईमानदारी से निभाएं, हमारे संगठन के समक्ष कांग्रेस और विपक्षी दल दूर दूर तक नहीं टिक पायेंगे।

गौरीगंज विधानसभा के सम्मेलन में पूर्व विधायक चन्द्र प्रकाश मिश्र मटियारी ने भारतीय जनता पार्टी की रीति नीति और मोदी सरकार की उपलब्धियों का गुणगान किया। जगदीशपुर विधानसभा के सम्मेलन को विधायक सुरेश पासी ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *