आशुतोष मिश्र ‘रूद्र’/पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। नीट परीक्षा के 24 घंटे पहले कानपुर में एक छात्रा ने सुसाइड कर लिया। हाईस्कूल में पढ़ने वाला छोटा भाई स्कूल से घर पहुंचा तो उसे बहन का शव पंखे से लटका मिला। भाई की चीख निकल पड़ी। छात्रा के पिता स्वास्थ्य विभाग में स्टेनो हैं और मां टेक्निकल यूनिवर्सिटी में अटेंडेंट हैं। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने कमरे में छानबीन की।
अंग्रेजी में लिखा एक नोट मिला है। उस पर कुछ शब्द लिए गए, फिर उन्हें काटा गया है। तुला और मीन राशि का जिक्र है। पुलिस ने नोट को डिकोड करने का प्रयास कर रही है। परिजनों ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया है। बर्रा–6 निवासी रामप्रकाश वर्मा स्वास्थ्य विभाग उरई में स्टेनो हैं। उनकी पत्नी सुनीता वर्मा कानपुर HBTU (हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी) में अटेंडेंट हैं। दो बच्चे- नूपुर वर्मा (19) और पार्थ हैं। मां रामप्यारी भी साथ रहती हैं।
शनिवार सुबह रोज की तरह सुनीता काम पर गईं थी। बेटा पार्थ स्कूल गया था। घर की दूसरी मंजिल में नूपुर पढ़ाई कर रही थीं, वहीं ग्राउंड फ्लोर पर दादी रामप्यारी सो रहीं थी। दोपहर करीब 12:30 बजे पार्थ स्कूल से घर लौटा। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर भी गेट नहीं खुला, जिस पर पार्थ ने पड़ोसी सौरभ से पिता को फोन करने की बात कही।परिजन के अनुसार- सौरभ ने रामप्रकाश को फोन किया, लेकिन उन्होंने रिसीव नहीं किया। कुछ देर बाद रामप्यारी की आंख खुल गई। उन्होंने गेट खोला। पार्थ ने दादी से नूपुर के फोन न उठाने की बात कही। जिसके बाद दोनों उसे देखने के लिए कमरे में पहुंचे। कापी किताबें बिखरी पड़ी हुई थीं। नूपुर का शव पंखे के सहारे चादर से लटक रहा था।
मां सुनीता ने बताया- 2023 में नूपुर ने 95 प्रतिशत अंक पाकर इंटर की परीक्षा पास की थी। वहीं, बेटा पार्थ डीपीएस बर्रा में हाईस्कूल का छात्र है। आज सुबह करीब 11:30 बजे बेटी से उनकी बात हुई थी। उसने ठीक से बात की। बातचीत से अंदेशा नहीं हुआ कि वह परेशान है या ऐसा कोई कदम उठाने जा रही है। पुलिस को बेटी के कमरे से अंग्रेजी में लिखा एक नोट मिला है। परिजनों के मुताबिक, नूपुर पढ़ने में ठीक थी। बीते 2 साल से नीट की तैयारी कर रही थी। कल, रविवार को उसकी परीक्षा थी। जिसका सेंटर कौशलपुरी स्थित गुरुनानक गर्ल्स पीजी कॉलेज में पड़ा था। वह पेपर की तैयारी में जुटी थी। उसने ऐसा क्यों किया, उन्हें इसके बारे में कुछ भी नहीं पता है।
बर्रा थाना प्रभारी नीरज ओझा ने बताया, परिवार वाले पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर रहे हैं। इस बात को लेकर पुलिस से उनकी नोक झोंक भी हुई है। उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है। पंचायतनामा भर कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।कल 4 मई, रविवार को NEET UG 2025 का एग्जाम होना है। बुधवार 30 अप्रैल को इसके एडमिट कार्ड जारी हुए हैं और करीब 23 लाख कैंडिडेट्स इस साल यह एग्जाम देने वाले हैं। एडमिट कार्ड के साथ NTA ने एग्जाम को लेकर कई गाइडलाइंस भी जारी की हैं।
