बच्चों को भारत माता,देश की रक्षा के साथ पेड़ों की रक्षा करने का संकल्प भी दिलाया।
संजीव भारती /पारदर्शी विकास न्यूज़अमेठी। वृक्ष मित्र टी पी सिंह ने प्राथमिक विद्यालय रायदयपुर में पर्यावरण की कक्षा लगाई और बच्चों को प्रकृति की सुरक्षा, पौधरोपण के महत्व की जानकारी देने के बाद उनके साथ स्कूल परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने बच्चों को भारत माता,देश की रक्षा के साथ पेड़ों की रक्षा करने का संकल्प भी दिलाया।

टी पी सिंह ने शाम को रामलीला मैदान में पहले से लगे वृक्षों की प्यास बुझाई और खाली स्थानों पर पीपल,पाकड़ और बरगद के पेड़ लगाए।उत्तर रेलवे में स्टेशन अधीक्षक के पद पर तैनात रहे टी पी सिंह का पूरा जीवन धरती पर हरियाली बढ़ाने और वृक्षों की सेवा को समर्पित है। सेवा से अवकाश प्राप्त करने के बाद उन्होंने अपना पूरा समय गायत्री मिशन के साथ पौधरोपण को सामाजिक संस्कारों से जोड़ने और पिछले पांच साल के भीतर स्वयं द्वारा लगाए गए पेड़ों की सुरक्षा में ट्री गार्ड बनाने और पेड़ों की सिंचाई में लगाया है।
टी पी सिंह की दिनचर्या सुबह वृक्षों की सेवा से शुरू होती है।जब से गर्मी बढ़ी है,वे रोज पौधों को पानी दे रहे हैं। स्कूलों में जाते हैं और बच्चों को प्रदूषण के ख़तरों और सुरक्षित पर्यावरण के बारे में जानकारी देने के बाद उनके साथ सबसे अधिक आक्सीजन देने वाले वृक्ष पीपल और सबसे अधिक छाया देने वाले वृक्ष नीम और बरगद रोपित कर रहे हैं।
औद्योगिकीकरण और शहरी करण के कारण दुनिया में प्रदूषण की समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। भारत के कई शहरों के साथ दुनिया के कई हिस्सों में स्वच्छ प्राण वायु का संकट बढ़ा है।जल संकट भी बढ़ रहा है।सांस के रोगियों की संख्या बढ़ रही है। सुरक्षित जीवन के लिए सुरक्षित प्रकृति और पर्यावरण जरूरी है।यह काम केवल धरती पर हरियाली बढ़ाने और पेड़ों की सुरक्षा से ही सम्भव है।