गाजे-बाजे और धूमधड़ाके के साथ निकली भगवान राम की शोभायात्रा

रामनवमी के मौके पर जमकर हुई आतिशबाजी, तलवार बाजी का भी हुआ प्रदर्शन

जगह-जगह पर शोभयात्रा को रोककर की गई पुष्प वर्षा, गूंजा जय श्री राम का नारा

गौरव सिंह चौहान / पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। रविवार को रामनवमी पर्व के मौके पर रामभक्तों का जोश देखते ही बना। कई दिनों पहले से रामनवमी पर्व की तैयारियां की गई थीं। जब मौका आया तो रामभक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। जहां तक नजर गई, वहां तक सिर्फ भगवाध्वज और रामभक्त ही नजर आ रहे थे। शहर के साथ ही पूरे जिले में रामभक्तों ने भगवान राम का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया।

गाजे-बाजे और धूमधड़ाके के साथ शहर और जिले में शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में युवाओं का जोश देखने लायक था। समूचा शहर भगवा रंग के झंडों से पाट दिया गया और भक्तों की भगवा वेशभूषा माहौल में चार चांद लगा रही थी। कई रामभक्तों ने अपने चेहरे भी भगवा रंग से पेंट करा रखे थे। रामभक्तों की टोली के बीच भाजपा महिला मोर्चा की सदस्यों ने पगड़ी बांधकर जुलूस में प्रतिभाग किया और नारीशक्ति का प्रदर्शन किया। वहीं युवाशक्ति भगवा पताका व गदा-तलवार लहराकर जयश्रीराम का उद्घोष करते हुए आगे बढ़ रहे थे। डीजे की धुन पर बज रहे भक्ति गीतों पर रामभक्त देर तक थिरकते रहे। शहर के बाबूलाल चौराहे में सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने अपने समर्थकों के साथ राम भक्तों का आगे बढ़कर स्वागत और अभिनंदन कर उनका उत्साह बढ़ाया।

श्रीराम नवमी केंद्रीय कमेटी के साथ ही वार्ड स्तर से रामभक्तों ने भव्य झांकियां सजाकर विशाल शोभा यात्रा निकाली। दोपहर 4 बजे के बाद से शुरू हुई शोभायात्रा में एक-एक कर झांकियां महेश्वरी देवी चौक होते हुए रामलीला मैदान में एकत्र हुईं और फिर झांकियों का एक विशाल जुलूस आगे बढ़ा। झांकियों के साथ युवाओं की बाइकें भगवा लहराते हुए ऐसे चल रही थीं, जैसे श्रीराम की वानर सेना रावण की सोने की लंका पर फतेह हासिल करने निकल पड़ी हो। वहीं शोभा यात्रा में नारीशक्ति का भी प्रदर्शन देखने को मिला। अखंड हिंद फौज की सेना में शामिल बालिकाएं नारी शक्ति का नमूना पेश कर रही थी। जबकि हाथों तलवार और फरसा लहराते रामभक्त पूरे जोश में जय श्रीराम के जयकारे लगा रहे थे।

शोभायात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर बाकरगंज, स्टेशन रोड, बाबूलाल चौराहा, जिला परिषद, कैथी बाजार, चौक बाजार होते हुए महेश्वरी देवी चौक से गुजरी। अधिकांश कमेटियों की ओर से भगवान श्रीराम की झांकियां सजाई गई थीं। व्यापारिक प्रतिष्ठानों में जगह-जगह रोककर झांकियों में पुष्पवर्षा की गई और आरती उतारी गई। साथ ही रामभक्तों के जलपान का भी जगह जगह प्रबंध किया गया था। शोभा यात्रा में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष वंदना गुप्ता ने भी अपनी टोली के साथ शिरकत की और जयश्रीराम का ध्वज लहरा कर श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया। केंद्रीय कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र धुरिया शंभू, संयोजक अमित सेठ भोलू, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत, सुरेश तिवारी सुल्ली महराज समेत रामभक्तों की टोली ने पूरे जुलूस की अगुवाई की। वहीं शहर के अयोध्यावासी वैश्य श्रीरामजानकी मंदिर में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। यहां महिलाओं ने मंगलगीत व सोहर गाकर भगवान के जन्म की खुशियां मनाई और प्रसाद का वितरण किया।

जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा समूचा शहर
रामनवमी के दौरान शहर में निकली शोभायात्रा में ज्यादातर झांकियों के साथ चल रहे डीजे में यही गीत बजते नजर आए। गीत ने रामभक्तों के उत्साह को दोगुना करने का काम किया। रामभक्त इस गीत पर खूब थिरकते रहे। वहीं कुछ वर्षाे से डीजे मिक्स नया भजन ‘श्रीराम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में’ रामभक्तों में ऐसा जोश भर रहा था कि रामभक्त अपनी जगह पर खडे खडे उछल जाते थे। साथ ही जयश्रीराम के उद्घोष वाले डीजे मिक्स ने भी खूब धूम मचाई। कुल मिलाकर समूचा शहर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।
जगह-जगह हुआ शोभायात्रा का स्वागत
भगवान श्रीराम की शोभायात्रा में शामिल हजारों भक्तों का स्वागत करने के लिए सभी वर्गों के लोगों ने जगह-जगह पर तकरीबन एक सैकड़ा पंडाल लगाए। वहीं शोभा यात्रा के स्वागत में मुस्लिम समुदाय के लोग भी पीछे नहीं रहे। कई जगह समाज के लोगों ने पंडाल लगाकर राम भक्तों की टोली का स्वागत किया। कहीं पर पूड़ी और सब्जी का वितरण किया गया तो कहीं पर फल, कहीं पर खीर और कहीं पर हलुवा का वितरण किया गया। ठंडा पेय और शर्बत का वितरण करते हुए शोभायात्रा में शामिल रामभक्तों के सूखते गले को तर करने की जबरदस्त व्यवस्था रही। रामभक्तों के स्वागत के लिए शहर के रामलीला मैदान में व्यापारियों ने ठंडई व हलुवा और बोड़े हलवाई की ओर से नवीन प्रकाश बोड़े ने पानी का पंडाल लगाया। वहीं स्टेशन रोड और छोटी बाजार में बासू मिष्ठान भंडार की ओर से भक्तों को जलपान की व्यवस्था की गई। ऐसे ही गुरहा कुआं में पंडित जी जूता वाले रमेश त्रिपाठी व समर्थकों की ओर से रामभक्तों पर पुष्पवर्षा की गई और मंच सजाकर सुंदरकांड का पाठ आयोजित किया गया। पुष्पवर्षा में रामभक्तों पर कुंतलों गुलाब के फूलों की पंखुड़ियां उड़ाई गईं। व्यापार मंडल व सर्राफा एसोसिएशन ने भी चौक बाजार में पंडाल लगाकर रामभक्तों का स्वागत करने के साथ ही जलपान कराया और राम के दरबार में अपनी हाजिरी लगाई। रामभक्तों को भरपूर जलपान कराया गया।
चैत्र नवमी के दिन श्रद्धालुओं ने की मातारानी की पूजा
चैत्र नवरात्रि की नवमी के दिन श्रद्धालु भक्त मंदिरों में पहुंचकर विधि विधान के साथ जगत जननी मां सिद्धिदात्री की पूजा अर्चन किया। नवरात्रि के अंतिम दिन घरों से लेकर मंदिरों में कन्या भोज अनुष्ठान हवन पूजन जोरो के साथ चलता रहा। साथ ही अंतिम दिन माता के भक्तों द्वारा बोए गए जवारे गाजे-बाजे के साथ गांव की गलियारों में निकाले गए। जगह जगह भक्तों ने पूजा अर्चन किया। चौत्र नवरात्रि पूरे नौ दिनों तक श्रद्धा भक्ति के बीच मनाई गई। बुधवार को नवमी के दिन भोर पहर से श्रद्धालु भक्त मंदिरों में पहुंचकर मां सिद्धिदात्री की विधिवत तरीके से हवन पूजन किया अंतिम दिन जवारे गाजे-बाजे के साथ गांव की गलियारों निकाले गए जगह जगह श्रद्धालु भक्तों ने पूजा अर्चन किया इसी प्रकार घरों से लेकर मंदिरों में कन्या भोज कराने का सिलसिला जोरो के साथ चलता रहा फकीरबाबा स्थिति हनुमान मंदिर परिसर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अष्टमी के दिन संत जहाज सिंह द्वारा कन्या भोज कराया गया जिसमें बड़ी संख्या में कन्याओं से लेकर श्रद्धालु भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया इसी प्रकार भक्तों ने नवरात्रि के अंतिम दिन कन्या भोज कार्यक्रम आयोजित किया गया चौत्र नवरात्र के अंतिम दिन गाजे-बाजे के साथ जवारे निकालकर तालाबों में विसर्जन किया गया।
निर्धारित रूट से निकली शोभा यात्रा
बांदा। रामनवमी पर्व के दौरान विशाल शोभयात्रा पूरे शहर में भ्रमण करती रही। शोभायात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर स्टेशन रोड, पीली कोठी ओवरब्रिज, बाबूलाल चौराहा, काली देवी मंदिर, गणेश भवन पहुंची। वहां से अलीगंज, जिला परिषद चौराहा से नगर पालिका पालिका इंटर कालेज होते हुए अमर टाकीज चौराहा, गूलरनाका, शंकर गुरू चौराहा होते हुए कोतवाली रोड से झंडा चौराहा, बलखंडीनाका पहुंची। वहां से महेश्वरी देवी मंदिर चौराहे पर शोभायात्रा का समापन हो गया।
शहर में यातायात पुलिस ने किया रूट डायवर्जन
रामनवमी शोभायात्रा पर यातायात बाधित न हो, इसके लिए यातायात पुलिस ने शहर के अंदर रूट डायवर्जन किया है। ताकि वाहनों के आवागमन में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और शहरवासी भी आसानी के साथ गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। यातायात प्रभारी अनूप दुबे ने बताया कि स्टेशन रोड से कोई भी वाहन रामलीला मैदान की ओर नहीं जाने दिया। गूलरनाका चौराहा से किसी भी वाहन को महेश्वरी देवी मंदिर की ओर जाने पर रोक रही। इसी तरह नरैनी और अतर्रा की तरफ से आने वाले वाहनों को जरिए बाईपास गंतव्य की तरफ मोड़ा गया। जबकि महोखर और बबेरू की ओर से आने वाले वाहनों को भी बाईपास से निकाला गया।
ड्रोन के जरिए की गई पुष्प वर्षा
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि रामनवमी शोभायात्रा के दौरान शहर के महेश्वरी देवी मंदिर चौराहे और रामलीला मैदान में ड्रोन से पुष्प वर्षा की गई। इसके साथ ही शोभा यात्रा के दौरान विभिन्न रूटों पर पुष्प वर्षा हुई। मालूम हो कि बीते वर्षों में सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने रामनवमी पर्व के दौरान हेलीकाप्टर से रामनवमी शोभायात्रा में शामिल भक्तों पर पुष्प वर्षा कराते थे। भक्तों का कहना है कि अब ड्रोन से जगह-जगह पर पुष्प वर्षा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *