ग्राम प्रधान के भतीजे ने पूर्व प्रधान के पुत्र को मारी गोली, लखनऊ रेफर, हालत गंभीर

हरदी थाना क्षेत्र ग्राम सिपहिया प्यूली में हुई वारदात, गांव में पुलिस बल तैनात

Apr 5 2025

अजय त्रिपाठी/पारदर्शी विकास न्यूज़ बहराइच। जनपद के थाना हरदी अन्तर्गत ग्राम पंचायत सिपहिया प्यूली की ग्राम प्रधान व पूर्व ग्राम प्रधान के परिवारों की आपसी रंजिश के चलते दोनों परिवारों के बीच शुक्रवार सायं गोली चल जाने से राजन अवस्थी उर्फ धुन्नू (28) घायल होकर बेहोश हो गया। घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और घायल को सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने के चलते उसे मेडिकल कालेज बहराइच रेफर कर दिया गया, जहां भी हालत में सुधार न होने पर उसे रात लगभग 9 बजे लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी होने पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी डीके श्रीवास्तव गांव पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। गोली लगने के चलते प्रधान सीमा अवस्थी व पूर्व प्रधान के बीच विवाद को लेकर तनाव के मद्देनजर गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। थानाध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *